पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में मंगलवार सुबह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान ने अपने दो साथियों को कथित तौर पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि बीएसएफ कांस्टेबल उत्तम सूत्रधार ने बटालियन कमांडेंट महेंद्र सिंह भट्टी और कांस्टेबल अनुज कुमार से झगड़े के बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।
उन्होंने कहा कि रायगंज थाना क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास भाटुन गांव में यह घटना घटी। दोनों को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सूत्रधार ने अपने साथियों को गोली मारने के बाद अपने वरिष्ठ के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। वह अब पुलिस हिरासत में है। उसका दोनों से किसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ था। हमने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।’’
बीएसएफ के सूत्रों के अनुसार घटना के मामले में आंतरिक जांच का आदेश दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



