Bulli Bai के बाद अब Sulli Deals पर कसा पुलिस का शिकंजा, इंदौर से गिरफ्तार हुआ ऐप का मास्टरमाइंड

Summary :

दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से कथित तौर पर ‘सुल्ली डील्स’ ऐप बनाने वाले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यह ‘सुल्ली डील्स’ ऐप मामले में पहली गिरफ्तारी है।

दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से कथित तौर पर ‘सुल्ली डील्स’ ऐप बनाने वाले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि यह ‘सुल्ली डील्स’ ऐप मामले में पहली गिरफ्तारी है। सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों को बिना उनकी मंजूरी के मोबाइल ऐप्लीकेशन (ऐप) पर ‘नीलामी’ के लिए डाला गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी ओमकारेश्वर ठाकुर (26) ने इंदौर स्थित आईपीएस अकादमी से बीसीए किया है और वह न्यूयॉर्क सिटी टाउनशिप का निवासी है।
‘सुल्ली डील्स’ ऐप बनाने वाला आरोपी इंदौर से हुआ गिरफ्तार 
आईएफएसओ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) केपीएस मल्होत्रा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया है कि वह ट्विटर पर उस समूह का सदस्य है जिसमें मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने और ट्रोल के लिए विचारों को साझा किया जाता है। अधिकारी ने बताया, “ उसने गिटहब पर कोड विकसित किया। गिटहब तक पहुंच समूह के सभी सदस्यों की थी। मुस्लिम महिलाओं की फोटो को समूह के सदस्यों ने अपलोड किया था।”
‘व्यापार महासभा’ नामक समूह में शामिल था आरोपी 
मल्होत्रा ने कहा कि जनवरी 2020 में आरोपी ठाकुर ट्विटर हैंडल ‘गैंग्सियन’ का उपयोग करके ‘व्यापार महासभा’ नामक एक समूह में शामिल हुए थे। पुलिस ने कहा कि समूह के सदस्य अक्सर चर्चा करते थे कि मुस्लिम महिलाओं को कैसे ट्रोल किया जाए। ‘सुली डील्स’ एप्लिकेशन बनने के बाद, इस ट्विटर ग्रुप के सदस्यों ने कथित तौर पर कई मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड कीं, जिनमें प्रमुख हस्तियां भी शामिल थीं।
मुस्लिम महिलाओं को बना रहे थे निशाना 
हाल ही में ऐप के सुर्खियों में आने के बाद आरोपी ठाकुर ने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए थे। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके पास मिले गैजेट्स की जांच कर रही है। पुलिस ने ‘बुली बाई’ ऐप के निर्माता नीरज बिश्नोई से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर ठाकुर की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। बुल्ली बाई एप मामले में बिश्नोई के अलावा तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

अखिलेश यादव भाजपा के IT विभाग के प्रभारी अमित मालवीय के खिलाफ दर्ज कराएंगे एफआईआर

Desk Team