हल्द्वानी : सलड़ी के पास जलती कार में मिले शव के मामले की पुलिस गहनता से जांच कर रही है। फाॅरेंसिक एक्सपर्ट ने मौका मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये हैं। प्रथम दृष्टया शव पुरूष का होना प्रतीत हो रहा है। साथ ही यह प्रीप्लान मर्डर से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। बता दें कि गुरूवार की देर शाम सलड़ी के पास धूं-धू कर जल रही कार के अंदर चालक की बगल वाली सीट पर कुछ इंसानी हड्डियां मिली।
चूंकि शव पूरी तरह जल चुका था इसलिए हड्डियों को देखकर अंदाजा नहीं लगाया जा सकता था कि शव महिला का है या पुरुष का। इस मामले में शुक्रवार को काठगोदाम पुलिस ने कार की मालिक की पत्नी नीलम को रुद्रपुर से खोज निकाला था। महिला ने पुलिस को बताया कि गाड़ी नंबर उसके पति अवतार सिंह पुत्र गुलजार सिंह की है।
वह उसे हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन में उतारने के बाद पहाड़ के लिए चला गया था। पुलिस अवतार के मोबाइल नंबर सर्विलांस में लगाकर उसकी लोकेशन ट्रेस करने के साथ-साथ काॅल रिकार्ड खंगालने का प्रयास कर रही है। इधर इस मामले में फाॅरेंसिक एक्सपर्ट डाॅ दयाल शरण ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाये। उनका कहना है कि जांच में प्रथम दृष्टया शव पुरूष का होना प्रतीत हो रहा है।
– संजय तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



