देहरादून : रिटर्निंग अधिकारी एक-टिहरी गढ़वाल संसदीय क्षेत्र एस.ए मुरूगेशन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 के तहत ईवीएम-वीवीपैट, ईटीपीबीएस एवं डाक मतपत्रों की मतगणना के दौरान मतगणना स्टाफ के साथ सभी राजनीतिक प्रतिनिधियों का बेहतर समन्वय बनाये रखने और भारत निर्वाचन आयोग के अद्यतन दिशा-निर्देशों का अनुपालन करवाने के सम्बन्ध में 1-टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के समस्त अभ्यर्थी एवं मान्यता प्राप्त सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में सभी राजनैतिक दलों को पोस्टल बैलट, ईटीपीबीएस, ईवीएम और वीवीपैट की मतगणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। जिला पंचायतीराज अधिकारी एम.जफर खान ने पोस्टल बैलट और ईटीपीबीएस के तहत प्राप्त मतपत्रों के निर्वाचन मानक के अनुसार स्वीकृत अथवा रद्द होने के विभिन्न कारणों को बताया। विभागाध्यक्ष पित्थुवाला पाॅलिटैक्निक कालेज अभितेष चन्द्र मोहन ने कहा कि इसबार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सर्विस वोटर हेतु विशेष प्रक्रिया अमल में लायी गयी है, उसका नाम ईटीपीबीएस है।
यह एक कम्प्यूटरीकृत प्रक्रिया है, जिसमें ऑनलाइन माध्यम से जारी व प्राप्त हुए पोस्टल बैलेट का क्यू.आर कोड स्कैन करते हएु सत्यापन किया जाता है। सत्यापन की यह प्रक्रिया प्री-काउन्टिंग के चरण में सम्पादित की जायेगी। सेवायोजन अधिकारी प्रवीन गोस्वामी ने ईवीएम और वीवीपैट की मतगणना की प्रक्रिया तथा इस सम्बन्ध में आयोग के अद्यतन दिशा-निर्देशों को साझा किया।
जिलाधिकारी ने पोस्टल बैलट, ईटीपीबीएस एवं ईवीएम और वीवीपैट मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया को संक्षेप में पुनः बताते हुए उपस्थित सभी प्रतिनिधियों को मतगणना हेतु की गयी सम्पूर्ण व्यवस्थाओं और मतगणना के दौरान अनुपालन करने योग्य जरूरी बातों को साझा किया गया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में प्री-काउन्टिंग के अन्तर्गत स्कैनिंग के माध्यम से इटीपीबीएस का सत्यापन किया जायेगा। दूसरे चरण में इटीपीबीएस और पोस्टल बैलेट की मतगणना की जायेगी तथा तीसरे चरण की मतगणना में ईवीएम और वीवीपैट की मतगणना का कार्य किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के नये दिशा-निर्देशों का सभी को अनुपालन करना अनिवार्य है। उन्होंने निर्वाचन में प्रतिभाग कर रहे सभी उम्मीदवारों एवं समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की है कि सभी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सम्पूर्ण मतगणना स्थल पर तथा मतगणना हाॅल के भीतर-बाहर सभी प्रकार की व्यवस्थाएं बनाये रखने में सभी अपना सहयोग प्रदान करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



