धारावी और मुंबई के कुछ अन्य इलाकों में बृहस्पतिवार को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों को तैनात कर दिया गया ताकि कोरोना वायरस पर काबू के लिए लॉकडाउन लागू करने में नगर पुलिस को मदद मिल सके। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि धारावी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक कंपनी को स्थानीय पुलिस के साथ तैनात किया गया है।
इससे पहले बुधवार की रात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने सख्त लॉकडाउन लागू करने के लिए दक्षिण मुंबई के भेंडी बाजार में फ्लैग मार्च किया।
अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सीआरपीएफ कर्मियों ने धारावी में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और क्षेत्र में तैनाती की योजना पर चर्चा की। धारावी कोविड-19 से काफी प्रभावित (हॉटस्पॉट) क्षेत्रों में से एक है।
इससे पहले महाराष्ट्र सरकार ने कहा था कि उसने केंद्रीय बलों की मांग की है ताकि थक चुके पुलिस बल को थोड़ा आराम मिल सके।मुंबई में 700 से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। उनमें से दस की मौत हो चुकी है। केंद्रीय बल कानून व्यवस्था बनाए रखने और लॉकडाउन के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोकने में मुंबई पुलिस की सहायता करेंगे।
मुम्बई के धारावी झुग्गी बस्ती में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 47 नये मामले सामने आये जिससे वहां कुल मामले बढ़कर 1425 हो गए। यह जानकारी बृहन्मुम्बई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि धारावी में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। इसलिए मृतक संख्या अभी 56 है।
अधिकारी ने बताया कि 47 नये मामलों में से सबसे अधिक छह मामले माटुंगा लेबर कैंप, इसके बाद पांच मामले मुकुंद नगर क्षेत्र से सामने आये हैं। वहीं महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 2,345 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 41,642 तक पहुंच गई है जबकि 64 लोगों की मौत के बाद मौतों का कुल आंकड़ा 1,454 तक पहुंच गया है।


Download Android App
Download iOS App



