‘छत्तीसगढ़ को डबल इंजन सरकार का मिल रहा फायदा, Vishnudev Sai का बड़ा बयान

Summary :

छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार का सफल आयोजन

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर में बताया कि राज्य को डबल इंजन सरकार का लाभ मिल रहा है, जिससे विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान की सफलता पर जवानों की प्रशंसा की और 2026 तक नक्सल मुक्त भारत का संकल्प दोहराया।

छत्‍तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को बलरामपुर जिले में ढोढरीकला पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में बताया कि राज्‍य को डबल इंजन सरकार का लाभ मिल रहा है। इससे राज्‍य का चहुंमुखी विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का संकल्‍प है कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्‍सलवाद को समाप्‍त करना है।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में हमारे देश के जवान आगे बढ़ रहे हैं और कई नक्सल विरोधी अभियानों को सफलता से पूरा कर रहे हैं। अभी भी नारायणपुर क्षेत्र में ऑपरेशन चल रहा है, उसमें 27 नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया है। इनमें से कई इनामी भी हैं, इनमें से एक नक्सलियों के जनरल सेक्रेटरी को भी मार गिराया गया है। भारत के जवानों को हम नमन करते हैं। जिस तरह से नक्सलवाद के साथ मजबूती से लड़ाई चल रही है, इससे कहा जा सकता है कि 31 मार्च 2026 तक भारत नक्सल विहीन हो जाएगा।

विष्णुदेव साय का बड़ा बयान

बलरामपुर जिले में ढोढरीकला गांव में एक विशेष दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने महुआ पेड़ की छांव में खटिया पर बैठकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बीते डेढ़ वर्षों में अनेक वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया है। धान खरीदी, आवास, मूलभूत सुविधाओं जैसे कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क, पानी और बिजली जैसी समस्याओं को प्राथमिकता में रखने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों की शीघ्र पहचान और निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए शिविर लगाने के लिए भी कहा है।

मुख्यमंत्री ने ‘सुशासन तिहार’ के तहत हरगवां पंचायत में कुल 111 आवेदनों के शत-प्रतिशत समाधान को प्रशासन की तत्परता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की पहुंच और न्याय सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने 10 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण, झीकी नाला में पुलिया निर्माण, हैंडपंप व बोरवेल की सुविधा देने की घोषणाएं कीं।

”PM Modi देश से उग्रवाद को कर देंगे हमेशा के लिए खत्म…”, Giriraj Singh का दो टूक

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.