छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने एक बार फिर वाहनों को आग लगाने की घटना को अंजाम दिया है। राज्य के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने खदान क्षेत्र (लौह अयस्क खदान) में हमला कर चार वाहनों में आग लगा दी है। वहीं, घटना के बाद से दो कर्मचारी लापता हैं।
नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने शनिवार को बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आमदई क्षेत्र में जायसवाल निको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के लौह अयस्क की खदान क्षेत्र में आज नक्सलियों ने हमला कर चार वाहनों में आग लगा दी है।
गर्ग ने बताया कि आमदई क्षेत्र में जायसवाल निको के लौह अयस्क की खदान के लिए सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। आज सुबह हथियारबंद नक्सलियों का एक समूह वहां पहुंचा और कर्मचारियों को धमका कर वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि घटना के बाद से दो कर्मचारी लापता हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी की भी खबर है। इस संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



