कोलकाता : केंद्र के निगमीकरण योजना के विरोध में असैन्य कर्मचारियों द्वारा हड़ताल के नोटिस देने के बाद उनका प्रधिनित्व करने वाले महासंघों को रक्षा मंत्रालय ने बात चीत के लिए आमंत्रित किया है। रक्षा उत्पादन सचिव अजय कुमार ने शनिवार को यहां बताया कि ओएफबी के असैन्य कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली संघों ने 20 अगस्त से एक महीने की हड़ताल का नोटिस दिया है।
कुमार ने कहा, ‘‘ हमने उन्हें चर्चा के लिए आमंत्रित किया है और मुझे उम्मीद है कि बातचीत से समाधान निकल आएगा।’’ उन्होंने यह टिप्पणी ‘गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड’ के राजाबगान गोदी में तीव्र गश्ती पोत के उद्घाटन के बाद की।
ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज़ फेडरेशन (एआईडीईएफ) के महासचिव सी श्रीकुमार ने बताया कि उन्हें मंत्रालय से सूचना मिली है कि रक्षा उत्पादन विभाग के अतिरिक्त सचिव ने 14 अगस्त को तीन महासंघों के साथ बैठक बुलाई है। श्रीकुमार ने कहा कि सूचना देने वाले पत्र में हड़ताल के नोटिस का कोई जि़क्र नहीं है।
ओएफबी के तहत पूरे देश में 41 कारखाने हैं जो कि विभिन्न रक्षा उत्पादन में लगे हैं। गौरतलब है कि रक्षा मंत्रालय की ओर से गठित विभिन्न समितियों ने ओएफबी के निगमीकरण करने का सुझाव दिया है ताकि वे अपने खुद के निदेशक मंडल के तहत काम कर सकें।


Download Android App
Download iOS App



