कर्नाटक में भाजपा के नए-नवेले मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई अपनी सरकार को हर वर्ग के लिए हितकारी बनाने में लगी हुई है। ऐसे में बोम्मई ने बुधवार को कहा कि कर्नाटक का 2023-24 तक किसानों की आय दोगुनी करने वाला पहला राज्य बनने का लक्ष्य है और वह किसानों को शामिल करते हुए एक समिति बनाएंगे जो इस संबंध में एक रिपोर्ट तैयार करेगी तथा सरकार इस रिपोर्ट में की गयी सिफारिशों को लागू करेगी।
सरकार ने एक ‘‘माध्यमिक कृषि निदेशालय’ बनाने का भी फैसला किया है जो खाद्य और सभी कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण के संबंध में काम करेगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को नेशनल रेनफेड एरिया अथॉरिटी (एनआरएए) के सीईओ डॉ. अशोक दलवई के साथ चर्चा की। बोम्मई ने कहा, ‘‘हमने उनके द्वारा सौंपी रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की। कर्नाटक ने किसानों की आय दोगुनी करने में काफी रुचि दिखायी है, हमारी इच्छा यह है कि 2023-24 तक किसानों की आय दोगुनी करने में हमारा राज्य पहले नंबर पर हो।’’
यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कई कदम उठाए जाने की आवश्यकता है और केंद्र इस संबंध में हमारे साथ हाथ मिलाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘हम एक समिति गठित कर रहे हैं, जिसमें किसान भी होंगे जो लगातार केंद्र के संपर्क में रहेगी और किसानों की आय पर कर्नाटक केंद्रित रिपोर्ट तैयार करेगी जिसे हम लागू करेंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



