महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अगले सप्ताह से अपनी ‘महाजनादेश यात्रा’ दोबारा शुरू करेंगे। राज्य में कुछ हिस्सों में बाढ़ आने के बाद उन्होंने यात्रा रोक दी थी। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस वर्ष सितंबर-अक्टूबर में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव होने हैं।
फडणवीस ने आम जनता तक पहुंचने के लिए इस यात्रा की शुरुआत विदर्भ क्षेत्र के अमरावती से एक अगस्त से की थी। लेकिन राज्य के कुछ हिस्सों में बाढ़ आने के बाद विपक्ष की आलोचनाओं के चलते उन्होंने छह अगस्त को अपनी यात्रा रोक दी थी। भाजपा नेता सुजीत सिंह ठाकुर यात्रा आयोजन के प्रभारी हैं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री 21 अगस्त से अपना अभियान फिर से शुरू करेंगे।” ठाकुर ने बताया कि पूर्व में यात्रा का पहला चरण विदर्भ क्षेत्र और उत्तर महाराष्ट्र के नंदुरबार होते हुए नौ अगस्त को संपन्न होना था। अब नयी योजना में कोल्हापुर, पुणे, सांगली और सतारा को अभियान से बाहर कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पहले की योजना के अनुसार कार्यक्रम का दूसरा चरण 17 अगस्त से शुरू होना था, जो अब 21 अगस्त से शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने पूर्व में कहा था कि महाजनादेश यात्रा का मकसद राज्य की जनता को यह बताना है कि भाजपा नीत सरकार ने पांच सालों में क्या क्या काम किए हैं।


Download Android App
Download iOS App



