असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा है कि केंद्र और त्रिपुरा की नयी सरकार को टिपरा मोथा द्वारा उठाये गये मुद्दों को हल करने की जरूरत है।शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को यहां पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों के विश्वास की पुष्टि करते हैं।
मूल निवासियों से संबंधित मुद्दों को एक जगह बैठकर सुना
उन्होंने कहा, “भाजपा का मानना है कि त्रिपुरा आज जैसा है वैसा ही रहेगा, लेकिन टिपरा मोथा द्वारा उठाए गए मुद्दों को भी हल करने की जरूरत है। मुझे उम्मीद है कि नयी सरकार निश्चित रूप से शिकायतों को सुनेगी। चुनाव खत्म हो गए हैं। साथ काम करने में कोई बुराई नहीं है। मूल निवासियों से संबंधित मुद्दों को एक जगह बैठकर सुना जा सकता है।”

त्रिपुरा में हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टिपरा मोथा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में शामिल होने की पेशकश को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि उसे मूल निवासियों के लिए एक अलग राज्य ‘ग्रेटर टिपरालैंड’ पर लिखित आश्वासन चाहिए।
शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे काम की वजह से मिजोरम को छोड़कर पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में भाजपा आगे बढ़ रही है।उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में आठ मार्च, जबकि मेघालय और नगालैंड में सात मार्च को शपथ ग्रहण समारोह होगा। शर्मा ने कहा कि त्रिपुरा में नयी सरकार चुनाव के उपरांत हुई हिंसा से निपटेगी और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



