मध्यप्रदेश : CM कमलनाथ करेंगे आज राज्यपाल से मुलाकात, अनेक अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Summary :

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बेंगलुरू गए छह मंत्रियों को बर्खास्त करने की राज्यपाल से सिफारिश की है। राज्यपाल आठ मार्च को होली की छुट्टी पर लखनऊ गए हुए थे और गुरुवार की देर रात को ही लौटे हैं।

मध्य प्रदेश में सियासी घमासान लगातार जारी है।  इस बीच गुरुवार की देर रात को भोपाल लौटे राज्यपाल लालजी टंडन से शुक्रवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान छह मंत्रियों को बर्खास्त करने के साथ अन्य मामलों पर चर्चा संभावित है। राज्य में बीते एक सप्ताह से सियासी खींचतान मची हुई है। कांग्रेस के 22 विधायकों ने अपनी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इनमें से 19 विधायक बेंगलुरू में है।
वहीं मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बेंगलुरू गए छह मंत्रियों को बर्खास्त करने की राज्यपाल से सिफारिश की है। राज्यपाल आठ मार्च को होली की छुट्टी पर लखनऊ गए हुए थे और गुरुवार की देर रात को ही लौटे हैं। मुख्यमंत्री आवास से मिली जानकारी के अनुसार कमलनाथ शुक्रवार को राज्यपाल से मुलाकात करने वाले हैं। इस मुलाकात में छह मत्रियों को बर्खास्त करने के साथ 16 मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण के मुद्दे के अलावा राजनीतिक परिदृश्य पर भी चर्चा संभावित है।

पेट्रोल और डीजल के दाम में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज, जानिए आज का भाव

भाजपा लगातार वर्तमान सरकार को अल्पमत की सरकार बता रही है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्तमान हालात के बीच राज्यपाल के अभिभाषण पर सवाल उठाए हैं, साथ ही कहा है कि यह सच्चाई है कि इस सरकार ने बहुमत खो दिया है, अब ऐसी सरकार कैसे राज्यपाल का अभिभाषण करा सकती है और सत्र बुला सकती है।
बता दें दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को बीजेपी पर आरोप लगते हुए कहा कि भाजपा चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कानून और संविधान का राज है। संवैधानिक संस्थाएं किसी राजनैतिक दल के कहने पर कार्य नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि राज्य में संवैधानिक संकट सरकार की तरफ से नहीं बल्कि भाजपा की ओर से खड़ा किया जा रहा है।

Desk Team