रूस-यूक्रेन संकट पर CM ममता ने PM मोदी को लिखा पत्र, सर्वदलीय बैठक बुलाने का किया आग्रह

Summary :

रूस और यूक्रेन संकट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री से मौजूदा अंतरराष्ट्रीय संकट पर सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने पर विचार करने को कहा।

रूस और यूक्रेन संकट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री से मौजूदा अंतरराष्ट्रीय संकट पर सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने पर विचार करने को कहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यूक्रेन में फंसे छात्रों को बचाने के लिए और अधिक सक्रिय होने के लिए कहा।
पत्र में सीएम ममता ने लिखा, “मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि मौजूदा अंतर्राष्ट्रीय संकट के दौरान मेरे बिना शर्त समर्थन को स्वीकार करें। उन्होंने आग्रह भाव में लिखा, क्या आप हमारा सिर को ऊंचा करके संकट से बाहर आने के हमारे राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने के लिए सर्वदलीय बैठक करना चाहेंगे।”
Image
उन्होंने लिखा, “दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में, भारत को दुनिया के लिए एक शांतिपूर्ण समाधान की पेशकश करने के लिए नेतृत्व करना चाहिए, और हमें इसे बिना किसी हिचकिचाहट के पेश करना चाहिए।” यूक्रेन में रह रहे भारतीय लोगों की वापसी, खास तौर पर स्टूडेंट्स की मदद के लिए हम सभी एकजुट है।
बता दें कि केंद्र सरकार ने यूक्रेन में फंसे छात्रों समेत भारतीयों को बाहर निकालने की प्रक्रिया में समन्वय के लिए चार केंद्रीय मंत्रियों को युद्धग्रस्त देश के पड़ोसी देशों मे भेजने का फैसला किया। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में संपन्न एक उच्च स्तरीय बैठक में किया गया।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और वी के सिंह भारत के ‘‘विशेष दूत’’ के तौर पर यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जाएंगे। सिंधिया भारतीयों को यूक्रेन के निकालने के अभियान के लिए समन्वय का काम रोमानिया और मोल्दोवा से संभालेंगे, जबकि रिजिजू स्लोवाकिया जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि पुरी हंगरी जाएंगे और सिंह भारतीयों को निकालने का प्रबंध करने के लिए पोलैंड जाएंगे।

Desk Team