CM ममता खुद प्रतिक्रिया दें या फिर इस काम के लिए एक विशेष मंत्री की नियुक्ति करें : राज्यपाल जगदीप धनखड़

Summary :

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को राज्य के मंत्रियों से कहा कि वे अपनी ‘‘बॉस’’ को खुश करने के लिए उनके बयानों पर प्रतिक्रिया जताने की बजाय अपने विभागों पर ध्यान दें।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को राज्य के मंत्रियों से कहा कि वे अपनी ‘‘बॉस’’ को खुश करने के लिए उनके बयानों पर प्रतिक्रिया जताने की बजाय अपने विभागों पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि उनके बयानों पर या तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद प्रतिक्रिया दें या फिर इस काम के लिए एक विशेष मंत्री की नियुक्ति करें। 
राज्यपाल ने कहा, ‘‘सभी मंत्रियों को महज अपनी बॉस (बनर्जी) को खुश करने के लिए मेरे बयानों पर प्रतिक्रिया देनी बंद करनी चाहिए और उन्हें अपने विभागों पर ध्यान देना चाहिए।’’ उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने सुना है कि कनिष्ठ स्वास्थ्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य मेरी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रही हैं। 

महाराष्ट्र में सरकार गठन की प्रकिया 1 दिसंबर से पहले हो जाएगी पूरी : संजय राउत

मैं उनसे आग्रह करूंगा कि वह अपने विभाग पर ध्यान दें क्योंकि हम सब लोग विभाग की असल हालत से अवगत हैं।’’ राज्यपाल का बयान तब आया जब एक दिन पहले उन्हें तृणमूल कांग्रेस के कथित कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाए गए। उस समय वह एक कार्यक्रम में शामिल होने मुर्शिदाबाद जिले के डोमकाल जा रहे थे। 
धनखड़ ने कहा कि उन्होंने मुर्शिदाबाद जिला जाने के लिए राज्य सरकार से हेलीकॉप्टर मांगा था, लेकिन इस पर कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा, ‘‘असल में राज्य सरकार मेरी आवाजाही को नियंत्रित करना चाहती है। लेकिन मैं यह स्पष्ट कर दूं कि मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, यह मेरी संवैधानिक सीमाओं के दायरे में है। दूसरे लोग मुझे आदेश नहीं दे सकते।’’ 

Desk Team