पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर बंगाल में अपनी समीक्षा बैठकों को आठ दिनों के लिए स्थगित कर दिया है, क्योंकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार यह जानकारी सामने आयी है।
बनर्जी 21 सितंबर को सिलीगुड़ी की यात्रा करने वाली थी, लेकिन अब उनकी यात्रा आठ दिन बाद 29 सितंबर को होगी। वह पांच उत्तरी जिलों की प्रशासनिक समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करने वाली हैं, जो सिलीगुड़ी के शाखा सचिवालय उत्तरकन्या में आयोजित की जाएंगी।
अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘अगले कुछ दिनों में पश्चिम बंगाल में मौसम के खराब होने के पूर्वानुमान के मद्देनजर माननीय मुख्यमंत्री की उत्तर बंगाल के जिला में होने वाली समीक्षा बैठकें स्थगित की जा रही हैं, जो अब 29 और 30 सितंबर को होंगी।’’ मार्च में कोविड-19 महामारी शुरू होने के बाद से यह बनर्जी की उत्तरी जिलों की पहली यात्रा होगी। वह उस महीने के पहले सप्ताह के दौरान मालदा गई थीं।


Download Android App
Download iOS App



