बीजू जनता दल (बीजद) के पांचवे कार्यकाल को ‘जन केंद्रित’ बनाने के प्रयास के सिलसिले में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बृहस्पतिवार को अपने मंत्रियों को ज्यादा से ज्यादा यात्रा करने और जमीनी स्तर पर लोगों से जानकारियां लेने को कहा है। पटनायक ने राज्य सचिवालय में यहां मंत्रिपरिषद की बैठक में पांच सूत्री सुझाव दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लगातार यात्रा करने से आपको विभिन्न विभागों की गतिविधियों का आकलन करने में मदद मिलेगी और और आप उसे अधिक से अधिक लोगों की ओर केंद्रित बना सकेंगे।’’ पटनायक ने मंत्रियों से कहा, ‘‘ यात्रा के दौरान आप सीधे-सीधे लोगों से मिल सकेंगे और उनकी समस्याओं को समझ सकेंगे और राज्य सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से उनका जवाब भी ले सकेंगे।’’ पटनायक ने इस दौरान राज्य सरकार की फाइव टी (ट्रांसपेरेंसी, टेक्नोलॉजी, टीम वर्क, ट्रांसफोर्मेशन और टाइम) सूत्र पर भी मंत्रियों को निजी तौर पर ध्यान देने को कहा है।


Download Android App
Download iOS App



