बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा ने सफाई दी है कि उन्हे अपनी बेटी के प्रेम विवाह से कोई एतराज नहीं है और बालिग होने के नाते उसे अपने फैसले खुद लेने का अधिकार है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में बरेली जिले की चैनपुर सीट से बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें उसने अपने पिता से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
साक्षी और उसके पति ने किसी अज्ञात स्थान से कार में बैठे हुए वीडियो बना कर सोशल मीडिया में वायरल किया है जिसमे उसने कहा था कि उसने दलित युवक अजितेश कुमार के साथ वैदिक रीति रिवाज से शादी की है। जिसके बाद उसे और उसके पति को पिता से जान का खतरा है।

दंपत्ति ने अपनी शादी का प्रमाण पत्र भी जारी किया है जिसके अनुसार उन्होने इलाहाबाद के अति प्राचीन जानकी मंदिर में चार जुलाई को हिन्दू रीति रिवाज से विवाह किया। प्रमाण पत्र में वर वधू के अलावा दो गवाहों के भी हस्ताक्षर हैं। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद बीजेपी विधायक ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा ‘‘ मेरे खिलाफ मीडिया में जो चल रहा है यह सब गलत है बेटी बालिग है, उसको निर्णय लेने का अधिकार है, मैंने किसी को कोई जान से मारने की धमकी नहीं दी है, न ही मेरे किसी आदमी ने दी है, न ही मेरे परिवार के किसी व्यक्ति ने दी है। मैं व मेरा परिवार अपने काम में व्यस्त हैं, मैं अपनी विधानसभा में जनता का कार्य कर रहा हूं व पार्टी (बीजेपी) का सदस्यता चला रहा हूं। मेरी तरफ से किसी कोई खतरा नहीं है। ’’

साक्षी ने एक अन्य वीडियो में बरेली के एसएसपी से गुहार लगाई कि उसे उसके पिता, भाई विक्की और पिता के एक सहयोगी से जान का खतरा है। ऐसे में उन्हे सुरक्षा मुहैया करायी जाए। उसने कहा कि ये सभी लोग मिलकर उसकी और उसके पति की हत्या करना चाहते हैं।
साक्षी ने बरेली के सांसद, विधायकों और मंत्रियों से अपील की कि वे उसके पिता, भाई और पिता के सहयोगी की मदद न करें। इस बारे में पुलिस उपाधीक्षक आर के पांडेय ने कहा कि दंपति ने अभी तक यह सूचित नहीं किया है कि उनका पता ठिकाना कहां है। फिलहाल पुलिस दंपति का पता लगाकर उन्हे सुरक्षा मुहैया कराएगी।


Download Android App
Download iOS App



