मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य में अब पोस्टिंग मेरिट के आधार पर होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर-कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक के साथ एक बैठक की। इस दौरान चौहान के तेवर तल्ख रहे और उन्होंने अफसरों को जनता के हित में काम करने की हिदायत दी।
चौहान ने अफसरों से कहा कि जनता को समय पर शासकीय सुविधाओं का लाभ मिले, यही सुशासन है, हमें यही सुनिश्चित करना है। इस सरकार में पोस्टिंग का आधार मेरिट होगा, पिछली सरकार की तरह ले-देकर पोस्टिंग नहीं ली जा सकेगी!
चौहान ने हर माह सरकारी कामकाज की समीक्षा की बात करते हुए कहा कि हम अधिकारियों को एजेंडा देंगे, जिस पर उन्हें काम करना होगा। एजेंडा कई माह तक चल सकता है। हमारी प्राथमिकता जनता को सुशासन देना है, जिसका मेरे लिए अर्थ है कि समय पर जनता को शासन द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित हो।
शिवराज सिंह चौहान ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जो काम करेगा, उसे सिर आंखों पर बैठाऊंगा, परंतु जो लापरवाही करेगा, उसे हटाने में एक क्षण नहीं लगाऊंगा।


Download Android App
Download iOS App



