महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की सरकार का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 288 सदस्यीय विधानसभा में लगभग 165 विधायकों की संयुक्त ताकत के साथ शनिवार को होने वाले बहुमत परीक्षण में जीत हासिल करने को लेकर आश्वस्त हैं। दो दिनों के विशेष सत्र के दौरान अपराह्न् दो बजे सदन की बैठक शुरू होगी और उसके बाद प्रो-टेम स्पीकर दिलीप वलसे पाटील बहुमत परीक्षण करवाएंगे।
पिछले प्रो-टेम स्पीकर कालिदास कोलंबकर ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ ग्रहण कराया था, जिसके चार दिन बाद यह बहुमत परीक्षण हो रहा है। राकांपा के मंत्री छगन भुजबल ने कहा, “हमारे पास 165 से अधिक विधायकों का समर्थन है। सदन में आज हम आराम से बहुमत साबित कर देंगे।”बीते गुरुवार को उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी और शुक्रवार को उन्होंने कार्यभार संभाला था।
नाना पटोले होंगे महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए विधायक नाना पटोले कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। पटोले साकोली से विधायक हैं। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए पटोले हमारे उम्मीदवार होंगे।’’ इस पद के लिए रविवार को मतदान होगा। उद्धव ठाकरे नीत सरकार यहां आज दिन में विश्वास मत हासिल करने की कोशिश करेगी।


Download Android App
Download iOS App



