कोरोना वायरस महामारी के बाद अब लगातार हो रही भारी बारिश ने महाराष्ट्र को किया आतंकित, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को यानी आज कहा कि बाढ़ की मुश्किलों से निपटने का एकमात्र हल प्रभावित लोगों का पुनर्वास है और राज्य सरकार इस मोर्चे पर हरसंभव सहायता देगी। सीएम ठाकरे ने बाढ़ प्रभावित लोगों से अपने पुनर्वास के बारे में मिल-बैठकर फैसला करने की अपील की साथ ही ऐसे गांवों से इस संबंध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करने का आग्रह किया।
कोल्हापुर जिले में मूसलाधार बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे सीएम ठाकरे ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में बाढ़ संभावित गांवों की समस्याओं का स्थायी हल ढूढने की इच्छुक है। शिरोली तहसील के एक गांव में अस्थायी शिविरों में रह रहे बाढ़ प्रभावितों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि पूरा गांव पुनर्वास के लिए तैयार है तो राज्य सरकार उन्हें इस प्रक्रिया में जरूरी सभी मदद देगी।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा, ‘‘पुनर्वास ही बाढ़ से उत्पन्न होने वाली परेशानियों का एकमात्र हल है। आप (बाढ़ प्रभावित गांवों के) सभी लोग मिल-बैठकर (पुनर्वास के बारे में) फैसला कीजिए और हम मदद करेंगे।’’ नरसिंहवादी में ग्रामीणों ने ठाकरे से 2019 की बाढ, पिछले सप्ताह की बाढ़ और कोविड महामारी के बारे में जिक्र किया और कहा कि पिछले तीन सालों में इन चीजों ने उनकी जिंदगी तबाह कर दी है और उन्हें अपनी जिंदगी पटरी पर लाने के लिए सहायता चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



