तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी की रिश्तेदार मेनका गंभीर को धन शोधन के एक मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नया समन जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। दरअसल, उसने गंभीर को ‘‘भूलवश’’ सोमवार को दोपहर साढ़े 12 बजे के बजाय रविवार देर रात साढ़े 12 बजे पेश होने का नोटिस जारी कर दिया था। गंभीर को 10 सितंबर को कोलकाता हवाई अड्डे पर ईडी के अधिकारियों ने सोमवार ‘‘देर रात साढ़े 12 बजे’’ यहां एजेंसी के कार्यालय में पेश होने का नोटिस सौंपा था। उन्होंने कथित कोयला घोटाला मामले में उनसे पूछताछ करने की जरूरत का हवाला देते हुए उन्हें विदेश जाने वाली उड़ान में सवार होने से रोक दिया था।
गंभीर को जारी किया गया नया समन
वही, गंभीर समन में दिए गए वक्त के अनुसार सॉल्ट लेक में ईडी कार्यालय पहुंच गयी थीं, लेकिन यह अनजाने में जारी की गयी गलत तारीख थी और उन्हें कार्यालय बंद मिला तथा वे कुछ तस्वीरें खींचने के बाद लौट गयीं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पहले के समन में दिया गया मध्यरात्रि का वक्त ‘‘टंकण की त्रुटि’’ थी, जिसके चलते ‘पीएम (अपराह्न) के बजाय एएम (पूर्वाह्न)’ हो गया था जबकि इसे 12 सितंबर को ‘‘दोपहर साढ़े 12 बजे’’ होना चाहिए था। उन्होंने बताया कि अब गंभीर को दोपहर करीब दो बजे एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए नया समन भेजा गया है।
गंभीर ने ईडी के समन को दी थी चुनौती
ईडी ने अभी तक इस मामले में गंभीर से पूछताछ नहीं की है।सीबीआई ने पहले इस मामले में उनसे पूछताछ की थी।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने अगस्त में ईडी को दिल्ली के बजाय कोलकाता में अपने क्षेत्रीय कार्यालय में गंभीर से पूछताछ करने का निर्देश दिया था। साथ ही उसने मामले पर सुनवाई की अगली तारीख तक गंभीर के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न करने का भी निर्देश दिया था।
हालांकि, गंभीर ने ईडी के समन को यह कहते हुए चुनौती दी थी कि उन्हें कथित कोयला घोटाला मामले के संबंध में पांच सितंबर को दिल्ली में पेश होने के लिए कहा गया और उन्होंने अदालत से एजेंसी को कोलकाता में पूछताछ करने का निर्देश देने का अनुरोध किया था। ईडी ने पहले इस मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे तथा टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी तथा उनकी पत्नी रुजिरा से पूछताछ की थी।


Download Android App
Download iOS App



