कोयला घोटाला : ED के समक्ष पेश नहीं होंगी ममता की बहु रूजिरा, कोरोना को बताया कारण

Summary :

ईडी ने कोयला घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए तृणमूल महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी को समन किया था।

कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी के साथ उनकी पत्नी रुजिरा को भी नोटिस जारी किया। रुजिरा ने दिल्ली में ईडी के समक्ष पेश होने में असमर्थता जताई। उन्होंने पेश न होने के पिछले कोरोना वायरस को कारण बताते हुए अधिकारियों से अनुरोध किया कि वे उनके कोलकाता स्थित आवास पर आकर पूछताछ करें।
रुजिरा बनर्जी को एक सितंबर को ईडी के सामने पेश होने को कहा गया था वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी को तीन सितंबर को बुलाया गया है। ईडी ने कोयला घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए तृणमूल महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी को समन किया था।
रूजिरा ने ईडी के सहायक निदेशक सुमत प्रकाश जैन को लिखे अपने पत्र में कहा, ‘‘18 अगस्त 2021 को जारी समन में मुझे एक सितंबर को नयी दिल्ली में व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा गया है। मैं दो बच्चों की मां हूं और मौजूदा महामारी के बीच अकेले नयी दिल्ली की यात्रा करने से मुझे और मेरे बच्चों को गंभीर परेशानी हो सकती है।’’ 
उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए सुविधाजनक होगा, अगर आप मुझे कोलकाता में मेरे आवास पर उपस्थित होने के लिए कहें क्योंकि आपके संगठन का कार्यालय कोलकाता में भी है और मैं भी कोलकाता में रहती हूं।” उन्होंने कहा, “इसके अलावा, मेरी समझ में, आपकी जांच की विषय वस्तु की कार्रवाई का कथित कारण भी पश्चिम बंगाल से संबंधित है। आप अपने निर्णय से अवगत करा दें। मैं आपको अपनी ओर से हर तरह से सहयोग का आश्वासन देती हूं।”  

Desk Team