राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि बीते साल तीन राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव जीतने वाली कांग्रेस इन राज्यों की लोकसभा सीटों पर भी अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कम से कम उत्तरी राज्यों में लोग उसी पार्टी को वोट करते हैं, जिसे उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान वोट किया था। पायलट ने हैदराबाद में कहा, ”मैं मानता हूं कि पूरे देश में बदलाव की लहर है।”
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी देश भर में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और संप्रग-तीन सरकार बनाएगी। राजस्थान कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि पार्टी उनके राज्य में सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए ‘मिशन-25’ के साथ आगे बढ़ रही है। भाजपा ने 2014 के चुनाव में राजस्थान में सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि कांग्रेस ने उपचुनाव में दो सीटों पर जीत दर्ज की और भाजपा की संख्या घटकर 23 रह गई।
सचिन पायलट से जब यह पूछा गया कि क्या कांग्रेस बसपा-सपा के साथ चुनाव पश्वात गठबंधन करने को तैयार है तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस बसपा-सपा गठबंधन और सभी राजनीतिक पार्टियों के भाजपा को हराने के साझे उद्देश्य का सम्मान करती है। उन्होंने कहा, ”चुनाव के बाद समीकरण बदल जाएंगे…चुनाव के बाद के गठबंधन पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।”
सचिन ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में टीआरएस की सरकार विधायकों को खरीदने, उन पर दबाव डालने और डर का माहौल तैयार करने की हर संभव कोशिश कर रही है। ठीक ऐसे ही जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा पर सवाल खड़े करने वाले लोगों की आवाज दबाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल करते हैं।
पायलट ने कहा, ”जिस क्षण आप भाजपा या प्रधानमंत्री से सवाल पूछते हैं, आप राष्ट्रद्रोही करार दिए जाते हैं।” कांग्रेस पार्टी तेलंगाना में साफ-सुथरी राजनीति लेकर आएगी। पायलट ने कहा, ”तेलंगाना के लोग केसीआर (टीआरएस प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव) को वोट करते हैं तो वह स्वत: ही भाजपा की ही मदद कर रहे हैं। सभी लोग दोनों पार्टियों भाजपा और टीआरएस की पर्दे के पीछे की पैंतरेबाजी को समझते हैं।”


Download Android App
Download iOS App




