देहरादून : पलायन और बेरोजगारी की समस्या को लेकर उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि लोगों को रोजगार मिलना तो दूर बल्कि सिडकुल के औद्योगिक क्षेत्रों से बीस हजार नौकरियां खत्म हो रही हैं। उत्तराखंड की पांचों सीटों पर पहले चरण में 11 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले यहां कांग्रेस ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार को चार्जशीट देते हुए आरोपों का जवाब देने की चुनौती दी।
‘चुनौती पत्र’ जारी करते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह और इसे तैयार करने वाले पूर्व मंत्री नवप्रभात ने आरोप लगाया कि भाजपा ने 2014 आम चुनावों तथा 2017 के प्रदेश विधानसभा चुनावों में किये अपने वादे पूरे नहीं किये। नवप्रभात ने कहा, ‘‘हम भाजपा को चुनौती देते हैं कि वह बताये कि पांच साल के केंद्र के शासन और दो साल के राज्य शासन के दौरान उसने रोजगार, उचित मूल्य पर भोजन सामग्री, कानून व्यवस्था, कृषकों की ऋण माफी और कानून-व्यवस्था आदि मुददों पर क्या किया।’’
प्रदेश में 10 लाख पंजीकृत शिक्षित बेरोजगार होने का दावा करते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जनता का करोड़ों रुपये खर्च कर सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया और 1.24 लाख करोड़ रुपये के निवेश की बात कही लेकिन आज तक कोई भी प्रस्ताव धरातल पर नहीं उतर पाया। जनता से भावनात्मक दोहन से सावधान रहने का आग्रह करते हुए चुनौती पत्र में कहा गया है कि जुमलों तथा वादों पर आंख बंद कर यकीन न करें और अपने विवेक का इस्तेमाल करते हुए अगली सरकार चुनें।


Download Android App
Download iOS App



