गुजरात के मोरबी में रविवार शाम हुए हादसे में 135 लोगों की मौत के बाद राज्य में शोक का माहौल है। प्रधानंमंत्री नरेंद्र मोदी आज मोरबी का दौरा करने वाले हैं। वहीं हादसे को देखते हुए कांग्रेस ने गुजरात में होने वाली अपनी 5 यात्राओं को रद्द करने का ऐलान किया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसकी जानकारी देते हुए बीजेपी पर तंज कसा।
अशोक गहलोत ने अहमदाबाद में बोलते हुए कहा कि आज हमारी 5 यात्रा निकलने वाली थी लेकिन मोरबी हादसे को देखते हुए सभी यात्रा स्थगित की गई लेकिन BJP के कार्यक्रम चल रहे हैं। मुझे दुख हुआ की PM कार्यक्रम कर रहे थे। हमें उम्मीद थी कि मोरबी हादसे को देखते हुए BJP अपने कार्यक्रम स्थगित करेगी।
अस्पताल में रंगाई-पुताई को लेकर BJP पर बरसी कांग्रेस
इससे पहले कांग्रेस ने पीएम मोदी के मोरबी दौरे के मद्देनजर अस्पताल में रंगाई-पुताई को लेकर बीजेपी पर ज़ोरदार हमला बोला। कांग्रेस ने ट्वीट किया, “त्रासदी का इवेंट कल PM मोदी मोरबी के सिविल अस्पताल जाएंगे। उससे पहले वहां रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। चमचमाती टाइल्स लगाई जा रही हैं। PM मोदी की तस्वीर में कोई कमी न रहे, इसका सारा प्रबंध हो रहा है। इन्हें शर्म नहीं आती! इतने लोग मर गए और ये इवेंटबाजी में लगे हैं।”
मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 135
मोरबी जिला कलेक्टर ने मंगलवार को अपडेट में बताया कि हादसे में घायल एक और व्यक्ति की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 135 हो गई है। उन्होंने बताया कि कुल 14 व्यक्ति अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। एक व्यक्ति के अभी भी लापता होने की खबर है, उसकी तलाश की जा रही है।

रेस्क्यू अभियान जारी
हादसे के लगातार दूसरे दिन मोरबी में घटनास्थल पर खोज और बचाव कार्य जारी है। भारतीय नौसेना और NDRF द्वारा मंगलवार को बचाव अभियान फिर से शुरू किया। NDRF कमांडेंट प्रसन्ना कुमार ने कहा कि हमने आज खोज और बचाव अभियान फिर से शुरू किया। कुछ शव के नदी के तल पर होने की आशंका है। हमने अपने गोताखोरों की मदद से ऑपरेशन फिर से शुरू किया है।


Download Android App
Download iOS App



