गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की अध्यक्ष्ता वाली सरकार पर कांग्रेस के गोवा डेस्क प्रभारी दिनेश राव ने रविवार को आरोप लगाया कि तटीय क्षेत्र प्रबंधन योजना (सीजेडएमपी) की सुनवाई में लोगों को शामिल होने से रोकने के लिए गोवा सरकार ने दक्षिणी गोवा में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगा दिया है। दिनेश राव ने दक्षिणी गोवा कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कहा कि भाजपा सरकार गोवा में उभरते विपक्ष और सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल की खामियों को लेकर लोगों में व्याप्त अंसतोष को देख कर बुरी तरह घबरा गई है और इसी वजह से उसने रासुका लगाया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत अब लोगों की आवाज को दबाने के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं और यह कठोर कदम इसी कारण उठाया गया है ताकि लोगों को इस सुनवाई में हिस्सा लेने से रोका जा सके। सरकार जल्दी ही इसे उत्तर गोवा में भी लागू कर सकती है।’’ दिनेश राव ने कहा, ‘‘हमारे नेता राहुल गांधी ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को भेजे एक संदेश में कहा था कि उनका जन्म दिन बहुत ही सादगी से मनाया जाए और कोरोना महामारी की चपेट में आए लोगों की की जरूरतों को पूरा करने की हरसंभव कोशिश की जाए। मैं दक्षिण गोवा जिला समिति को इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई देता हूं।
इस मौके पर विपक्ष के नेता दिगंबर कामत ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि कांग्रेस 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में विजय हासिल करेगी और समाज के वंचित और हाशिए पर रह रहे लोगों की मदद करेगी। गोवा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश छोडनकर ने कहा कि दिनेश राव की 4 दिवसीय यात्रा से राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़न में मदद मिली है। दक्षिण गोवा जिला प्रभारी जॉय डियास ने कहा, ‘‘मैं पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी के लिए प्रतिबद्ध हूं और दक्षिण गोवा की 21 विधानसभा सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के हरसंभव प्रयास करूंगा’’


Download Android App
Download iOS App



