उत्तराखंड की चंपावत विधानसभा सीट पर 31 मई को उपचुनाव होना है। इस सीट से बीजेपी उम्मीदवार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कांग्रेस की ओर से निर्मला गहतोड़ी चुनौती देने वाली हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने निर्मला गहतोड़ी की उम्मीदवारी को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
कौन हैं निर्मला गहतोड़ी?
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की तेज-तर्रार महिला नेताओं में शुमार की जाने वाली निर्मला का ताल्लुक ब्राह्मण समुदाय से है। वह करीब तीन दशक पहले शराब विरोधी आंदोलन से सुर्खियों में आई थीं। वह कांग्रेस की चंपावत जिला अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य रही हैं। पूर्व की प्रदेश कांग्रेस सरकार में वह दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भी थीं।
हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटों पर जीत हासिल कर दोबारा सरकार बनाई, लेकिन पार्टी का नेतृत्व करने वाले धामी स्वयं खटीमा सीट से हार गए। धामी ने 23 मार्च को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के लिए उपचुनाव लड़ने का रास्ता साफ करने के लिए विधायक कैलाश गहतोड़ी ने 21 अप्रैल को चंपावत सीट से त्यागपत्र दे दिया था।


Download Android App
Download iOS App



