गोवा विधानसभा चुनाव-2022 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। भाजपा के पूर्व विधायक और बीजेपी सरकार में मंत्री भी रहे माइकल लोबो कलंगुट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के अधीन मंत्री माइकल लोब ने विधानसभा चुनाव की अधिसूचना से लगभग एक सप्ताह पहले कांग्रेस में शामिल होने के लिए भाजपा छोड़ दी थी। माइकल लोबो उत्तरी गोवा में एक पकड़ रखने वाले नेता थे। भाजपा के नेतृत्व वाली गोवा सरकार में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अपशिष्ट प्रबंधन के मंत्री थे माइकल लोबो।
बिचोलिम से मेघाश्याम राउत, थिविम से अमन लोतिल्कर, कालान्गुते से माइकल लोबो, पोरवोरिम से विकास प्रभुदेसाई और सेंट आंद्रे से एंथनी एल फर्नांडेस कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा, सांकेलिम से धर्मेश सगलानी, मरकाइम से लवू ममलेकर, संगुएम से प्रसाद गांवकरी और कानाकोना से जनार्दन भंडारी को टिकट दिया गया है। राज्य में सभी 40 विधानसभा सीटों के लिए 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। 10 मार्च को मतगणना होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री दिगम्बर कामत भी मैदान में
इससे पहले कांग्रेस की पहली सूची में पूर्व मुख्यमंत्री दिगम्बर कामत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल रहे। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार कामत को मढ़गांव विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वह इसी सीट से वर्तमान में विधायक भी हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं एलेक्सियो लॉरेंको को करटोरिम विधानसभा क्षेत्र और सुधीर कानोलकर को मापुसा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया। कांग्रेस राज्य में गोवा फॉरवर्ड पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी।


Download Android App
Download iOS App



