कांग्रेस ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 53 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधायक दल के नेता प्रीतम सिंह के नाम शामिल हैं।
पार्टी की ओर से जारी इस सूची के अनुसार, गोदियाल को पौड़ी गढ़वाल जिले की श्रीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वह पहले भी इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

प्रीतम सिंह को उनकी वर्तमान सीट चकराता से ही उम्मीदवार बनाया गया है।
यशपाल आर्य को बाजपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया
कुछ महीने पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापसी करने वाले पूर्व मंत्री यशपाल आर्य को बाजपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया है। उनके पुत्र संजीव आर्य को नैनीताल से टिकट मिला है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन को हरिद्वार जिले की मैंगलोर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वर्तमान में वह इस सीट से विधायक हैं।
पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का नाम शामिल नहीं है, हालांकि उनके चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है।
14 फ़रवरी को होगा मतदान
सूत्रों का कहना है कि राज्य की शेष 17 विधानसभा सीटों के लिए भी कांग्रेस कुछ दिनों के भीतर उम्मीदवार घोषित करेगी। उत्तराखंड में सभी 70 सीटों के लिए 14 फ़रवरी को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी।


Download Android App
Download iOS App



