समाजवादी पार्टी ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए शिवपाल सिंह यादव को जसवंतनगर सीट से सपा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) गठबंधन का उम्मीदवार घोषित किया। जसवंत नगर निर्वाचन क्षेत्र इटावा जिले में है जहां तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होगा।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव की उम्मीदवारी की जानकारी समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शनिवार रात को दी गई। सपा के ट़्वीट में कहा गया कि ”इटावा की जसवंत नगर विधानसभा सीट से शिवपाल सिंह यादव जी सपा एवं प्रसपा गठबंधन के प्रत्याशी होंगे।”
मौजूदा समय में जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र से शिवपाल सिंह यादव विधायक भी हैं
उल्लेखनीय है कि मौजूदा समय में जसवंत नगर विधानसभा क्षेत्र से शिवपाल सिंह यादव विधायक भी हैं। वर्ष 2016 में मुख्यमंत्री रहते अखिलेश यादव ने अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव को मंत्रिमंडल से हटा दिया था जिसके बाद कलह बढ़ गई थी। मतभेद के बाद शिवपाल सिंह यादव ने अपने भतीजे सपा प्रमुख अखिलेश यादव से अलग होकर वर्ष 2018 में नई पार्टी बना ली थी।
पिछले वर्ष दिसंबर माह में चाचा-भतीजे के बीच की दूरी कम हुई और दोनों ने मतभेद खत्म होने के बाद एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा की। जानकारों का दावा है कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ शुरुआती दिनों से ही सक्रिय रहे शिवपाल सिंह यादव ने सपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।


Download Android App
Download iOS App



