जयपुर : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि अगर 2019 के आम चुनाव में उनकी पार्टी की सरकार आई तो माल व सेवा कर (जीएसटी) के मौजूदा पांच अलग अलग स्तरों (स्लैब) को खत्म कर इससे एक ही स्तर वाला बनाएगी। इसके साथ ही पेट्रोल व डीजल को भी इसके दायरे में लाया जाएगा। यहां पार्टी प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल ने एक बार फिर मौजूदा जीएसटी को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘ हमने कहा था कि जीएसटी प्रणाली लागू होनी चाहिए मतलब एक टैक्स, एक देश के लिए एक कर। मोदीजी ने पांच अलग अलग लेवल स्लैब का जीएसटी बना दिया… गब्बर सिंह टैक्स बना दिया।’
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया,’ जो नोटबंदी से बच गए थे उन्हें इस गब्बर सिंह टैक्स ने मार दिया, खत्म कर दिया।’ राहुल ने कहा कांग्रेस कार्यकर्ता छोटे व्यापारियों व किसानों के पास जाकर यह संदेश दें कि ‘जैसे ही कांग्रेस पार्टी 2019 में चुनाव जीतेगी वैसे ही हम इस गब्बर सिंह टैक्स को बदलकर जीएसटी आपको देंगे। इस पांच अलग अलग लेवल की जगह कांग्रेस आपको एक लेवल की जीएसटी देगी।’ इसके साथ ही उन्होंने बढ़ती महंगाई की एक वजह पेट्रोल व डीजल का जीएसटी दायरे में शामिल नहीं होना बताया और कहा कि ‘हम पेट्रोल व डीजल को भी जीएसटी में शामिल कर देंगे और महंगाई खत्म हो जाएगी।’ राजस्थान के एक दिवसीय दौरे पर आए राहुल ने रामलीला मैदान में पार्टी प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित किया।


Download Android App
Download iOS App



