कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची की घोषणा चार अप्रैल को पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक के बाद की जा सकती है। सिद्धरमैया ने यह भी कहा कि उनके दूसरे निर्वाचन क्षेत्र कोलार से चुनाव लड़ने के बारे में पार्टी आलाकमान को फैसला करना है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बारे में चार अप्रैल को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में तय किया जा सकता है।
कोलार से भी चुनाव लड़ने पर पार्टी करेगी विचार
सिद्धरमैया ने कहा, परसों केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है। बैठक के बाद दूसरी सूची जारी की जाएगी। कोलार से भी चुनाव लड़ने के बारे में एक सवाल पर सिद्धरमैया ने कहा, यह आलाकमान को तय करना है, वह परसों फैसला करेंगे। कांग्रेस ने 25 मार्च को अपने 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी तथा 100 और क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जानी अभी बाकी है।

चुनावी मैदान सिद्धरमैया को उतारा
पार्टी ने पहली सूची में मैसुरु जिले के वरुणा क्षेत्र से सिद्धरमैया को मैदान में उतारा है, जिसके बाद राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कोलार की सीट से भी चुनाव लड़ने का इरादा जताया, जिसपर आलाकमान को फैसला करना है। कुछ खबरों के अनुसार, कांग्रेस की कर्नाटक इकाई ने दूसरी सूची में 52 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामों को अंतिम रूप दिया है और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा अंतिम निर्णय लेने की संभावना है।
सिद्धरमैया संभालेंगे चुनाव प्रचार का कार्य
किसी उम्मीदवार की जीत या हार मतदाताओं के हाथों में है, इसका उल्लेख करने के साथ वरुणा में अपनी जीत के प्रति आश्वस्त कांग्रेस विधायक दल के नेता ने कहा, चाहे प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार कोई भी हो, मैं नामांकन दाखिल करने के अलावा चुनाव प्रचार के लिए निर्वाचन क्षेत्र में नहीं जाऊंगा। सिद्धरमैया ने कहा कि उनके बेटे और वरुणा से मौजूदा कांग्रेस विधायक यतींद्र सिद्धरमैया निर्वाचन क्षेत्र में उनके प्रचार का काम संभालेंगे, जबकि वह पार्टी के लिए प्रचार को लेकर राज्य का दौरा करेंगे।



Download Android App
Download iOS App



