राज्य की कांग्रेस सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के लिए पार्टी के कमजोर संगठन को जिम्मेदार माना है। डॉ. सिंह ने लोकसभा चुनाव में राज्य में कांग्रेस की हार के सवाल पर संवाददाताओं से कहा, ‘राज्य में कांग्रेस के संगठन को जिस मजबूती से खड़ा किया जाना चाहिए था, वैसा नहीं किया जा सका। इसमें सभी नेता शामिल हैं, उसमें मैं भी हूं।’
डॉ. सिंह ने आगे कहा, ‘सच्चाई यह है कि कांग्रेस का संगठन ग्रामीण और जमीनी स्तर पर जितना मजबूत होना चाहिए था, उसे हम उतना मजबूत नहीं कर पाए। उसी का नतीजा है कि हमें अपेक्षित सफलता नहीं मिली।’ मंत्री ने ईवीएम पर भी सवाल उठाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर भी हमला बोला।
उन्होंने कहा, ‘ये नतीजे जो आए हैं, वास्तव में यह मशीनों का खेल है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके चेले अमित शाह का खेल है, जो उन्होंने मिलकर खेला है।’
ज्ञात हो कि लगभग छह माह पूर्व हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 230 में से 114 सीटों पर जीत मिली थी, वहीं भाजपा ने 109 सीटों पर जीत हासिल की थी। राज्य में कांग्रेस की सरकार निर्दलीय, सपा व बसपा विधायकों की मदद से बनी है। वहीं अभी हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में राज्य की 29 सीटों में से 28 पर भाजपा को सफलता मिली। कांग्रेस सिर्फ छिंदवाड़ा सीट जीत सकी।


Download Android App
Download iOS App



