हल्द्वानी : नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए हैं। कहा कि 5 वर्ष की मोदी सरकार और लगभग 2 वर्ष की राज्य सरकार से जनता की नाराजगी चरम पर है। मोदी सरकार ने चुनाव के समय जनता से जो वादे किये उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। जनता अपने को ठगा महसूस कर रही है।
नोट बन्दी से देश को क्या फायदा हुआ उसका उत्तर, देश की सरकार अब तक नहीं दे पायी है। घण्टों लाइन में लगकर पैसे के इन्तजार में खड़ी जनता ने आजाद भारत में इतनी प्रताड़ना कभी नहीं सही। बैंक में पैसा होते हुये भी अपने परिवार के शादी, विवाह या अन्य आयोजनों में अपना पैसा भी नहीं निकाल सके। कहा कि आज भी एटीएम से पैसा मिल ही जायेगा यह आवश्यक नहीं है। देश में करेंसी की कमी है। जीएसटी की दर 28 प्रतिशत तक करने से छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी तक पीड़ित है।
अब चुनाव आते ही जीएसटी की दरों के घटाने की घोषणा की तैयारी की जा रही है। कुमाऊं क्षेत्र में प्रथम चरण की यात्रा 29 जनवरी से खटीमा के शहीद स्मारक से प्रारम्भ होगी। पहली फरवरी को इसका समापन जसपुर में होगा। कल (आज) प्रातः 10 बजे हल्द्वानी से सैकड़ों कार्यकर्ता एक विशाल रैली के रूप में गाड़ियों तथा बाइकों से खटीमा के लिये कूच करेंगे।
इस रैली का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ महामंत्री विजय सारस्वत एवं अन्य नेतागण करेंगे। भारी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ साथी इस यात्रा में सम्मिलित रहेंगे। यह यात्रा एवं जनाक्रोश रैली सत्ता परिवर्तन तक लगातार जारी रहेगी। जनता इस चुनाव में इनके झूठ को बेनकाब अवश्य करेगी।
– संजय तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



