कूचबिहार में फायरिंग के दौरान मारे गए चार लोगों की मौत के बाद सियासी पारा चढ़ा हुआ है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि MCC का नाम मोदी कोड ऑफ कंडक्ट रख लें।
कूच बिहार में गोलीबारी की घटना को नरसंहार बताते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने गोलियों की बौछार की। वे पैर या शरीर के निचले हिस्से पर गोली मार सकते थे लेकिन हर गोली गर्दन या छाती के हिस्से में लगी। उन्होंने कहा, यह अक्षम प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के साथ अक्षम सरकार है।
चुनाव आयोग पर भड़कते हुए टीएमसी प्रमुख ने कहा, वे बंगाल पर कब्जा करने के लिए रोजाना यहां आ रहे हैं। आपका स्वागत है, आपको किसी ने नहीं रोका बल्कि लोगों को खुश करने के बजाय उन्हें धमकाया। आपने लोगों को मारने वाले केंद्रीय बलों को क्लीन चिट जारी कर दी।
वीडियो कॉल के जरिए ममता ने जाना पीड़ितों का हाल
गोलीबारी की घटना के बाद से चुनाव आयोग ने तीन दिन तक किसी भी नेता के वहां जाने पर रोक लगा दी है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक वीडियो कॉल के दौरान कूच बिहार में गोलीबारी की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों से बात की।
ममता ने कहा, निर्वाचन आयोग तथ्यों को दबाने की कोशिश कर रहा है, सीतलकूची में ग्रामीणों पर बंदूकें तानी गईं। उन्होंने कहा कि नेताओं को कूचबिहार जाने से रोकना निर्वाचन आयोग का अभूतपूर्व कदम, सीतलकूची जाना चाहती हूं, जहां गोलीबारी की घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी।
ममता ने रविवार को ट्वीट करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को MCC का नाम बदलकर मोदी कोड ऑफ कंडक्ट रख लेना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी अपनी पूरी ताकत लगा ले, लेकिन इस दुनिया में मुझे अपने लोगों का दर्द साझा करने से नहीं रोक सकती। ममता ने कहा कि मुझे कोच बिहार में 3 दिनों के लिए अपने भाइयों और बहनों से मिलने से रोक सकते हैं, लेकिन मैं चौथे दिन वहां पहुंचूंगी।


Download Android App
Download iOS App



