देशभर में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस बीच, पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के कारण कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जिससे राज्य में मरने वालों की संख्या 172 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बताया कि इस दौरान 148 नये मामले सामने आने से उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1575 हो गई है।
विभाग ने बुलेटिन जारी कर बताया कि छह मौतों में से पांच महानगर में हुईं और एक मौत दक्षिण 24 परगना जिले में हुई। इससे पहले सरकार ने कोरोना वायरस से पीड़ित 72 लोगों की मौत का कारण अन्य बीमारियों को बताया था और कहा कि उन मामलों में कोविड-19 इसका प्राथमिक कारण नहीं था। राज्य में पिछले 24 घंटे में करीब 47 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई। अभी तक ठीक हो चुके लोगों की संख्या 1006 है। वहीं, रविवार की शाम तक करीब 7615 नमूनों की जांच हुई। बीमारी के लिए अब तक कुल 93,570 नमूनों की जांच की गई है। बंगाल में अभी तक कोविड-19 के 2825 मामले सामने आए हैं।
बताते चले कि संपूर्ण देश में कोरोना प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। देशभर में संक्रमितों की संख्या 96,169 तक पहुंच गई है और 3,029 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अबतक 36,824 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



