महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लॉकडाउन के बावजूद संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस बीच, सोमवार को राजधानी मुंबई स्थित विशाल झुग्गी बस्ती धारावी में कोरोना वायरस से संक्रमण के 30 नए मामलों की पुष्टि हुई जिसके साथ यहां कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 168 हो गई है। यह जानकारी बीएमसी के अधिकारी ने दी।
कोविड-19 से बुरी तरह से प्रभावित मुंबई में धारावी अत्यधिक संक्रमित स्थानों में एक है जहां पर अबतक 11 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारी ने बताया कि नए संक्रमितों में 8 महिलाएं हैं। उन्होंने बताया कि नए संक्रमित धोरवाड़ा, 60 फीट रोड, शास्त्री नगर, मिनाजुद्दीन खान गाला, पीएमजीपी कॉलोनी, पद्मागोपाल चॉल, माटुंगा लेबर कैम्प, कल्याणवाड़ी, काला किला, कुंची कुर्वे नगर, मुकुंद नगर और झोपड़ पट्टी के रहने वाले हैं। इस बीच, मध्य मुंबई के दादर में भी कोरोना वायरस से संक्रमण के 3 नए मामले आए हैं जिससे इलाके में कुल संक्रमितों की संख्या 25 हो गई है।
बता दें, महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 466 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 9 लोगों की मौत हुई है। वहीं, राज्य में सबसे ज्यादा प्रभावित शहर मुंबई है। राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 4666 हो गई है। वहीं, इस खतरनाक संक्रमण से 232 लोगों की जान गई है।


Download Android App
Download iOS App



