महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही है। संक्रमितों की संख्या में लगातार तेजी से इजाफा हो रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 17,066 नए मामलों की पुष्टि हुई है। 17,066 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10.77 लाख के पार पहुंच गई है। चिंता की बात यह है कि राज्य में सक्रिय मामलों का आंकड़ 2.91 लाख से अधिक हो गया।
राज्य में इस दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या में फिर से गिरावट दर्ज की गयी तथा इस दौरान 15,789 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 7.55 लाख से अधिक हो गयी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य में अब तक 10,77,374 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं तथा 257 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 29,788 हो गयी है। राज्य में स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 7,55,850 हो गयी है।
राज्य में रविवार को कोरोना के 22,543 नये मामले आये और शनिवार को 22,084 नये मामले आये जबकि शुक्रवार को कोरोना वायरस के सर्वाधिक 24,886 नये मामले सामने आये थे। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज बढकर 70.15 फीसदी पहुंच गयी जो रविवार को घटकर 69.79 प्रतिशत रह गई थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर 2.76 फीसदी रह गयी।
राज्य में कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या आज 912 बढ़कर 2,91,256 हो गयी जो रविवार को 2,90,344 रही थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और कोविड केंद्रों में इलाज किया जा रहा है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और मौत के मामले में पहले स्थान पर है। देश में सबसे अधिक सक्रिय मामले भी इसी राज्य में हैं।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 48,46,427 तक पहुंच गई है और 79,722 लोग की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 37,80,107 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



