महाराष्ट्र में सोमवार को कोविड-19 के 6,497 नए मामले सामने आए जिससे राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2,60,924 तक पहुंच गयी। इस बीच राज्य में इस वायरस से संक्रमित 193 और मरीजों की मौत हो गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार 193 मरीजों की मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 10,482 हो गयी। बयान में कहा गया है कि 4,182 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी। राज्य में 1,44,507 मरीज इस बीमारी से उबर चुके हैं। राज्य में अभी 1,05,935 मरीजों का इलाज चल रहा है।
वहीं, मुंबई में सोमवार को कोविड-19 के 1174 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 93,894 हो गयी जबकि 47 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 5,332 हो गयी है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने इस बारे में बताया है । दिन में 750 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद ठीक हुए लोगों की संख्या 65,622 हो गयी ।
बीएमसी ने बताया है कि मुंबई में संक्रमण के 22,939 मामले हैं जबकि 934 संदिग्ध मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया । शहर में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला 11 मार्च को आया था और 17 मार्च को पहली मौत हुई थी।
वहीं, मुंबई की झुग्गी-बस्ती इलाके धारावी में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के छह नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 2,381 हो गई।नगर निकाय ने यह जानकारी दी। बृह्न्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि छह नए मामलों के आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 2,381 हो गई लेकिन धारावी में केवल 96 मरीज उपचाराधीन हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 2,309 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। हालांकि, बीएमसी ने धारावी से संबंधित यदि कोई मौत का मामला है तो इस बारे में पिछले एक महीने से जानकारी साझा नहीं की है।
पिछले सप्ताह विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कभी कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट बनकर उभरी इस झुग्गी-बस्ती क्षेत्र में वायरस के प्रसार की रोकथाम को लेकर उठाए गए कदमों की सराहना की थी।


Download Android App
Download iOS App



