MP : इंदौर में कोरोना पॉजिटिव 45 वर्षीय पुलिस अधिकारी की मौत, CM शिवराज ने जताया दुख

Summary :

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि श्री देवेंद्र कुमार ने कोरोना से जंग में कर्तव्य की बलिवेदी पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

कोरोना वायरस (कोविड-19) को हारने के लिए देश में जंग जारी है। इसी बीच मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना संक्रमित एक पुलिस अधिकारी जिंदगी की जंग हार गया। निरीक्षक के पद पर कार्यरत 45 वर्षीय देवेंद्र कुमार कोरोना संक्रमित पाए गए थे और उनका इंदौर के एक हॉस्पिटल में इलाज़ चल रहा था। शनिवार देर रात उनकी मौत हो गई।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि श्री देवेंद्र कुमार ने कोरोना से जंग में कर्तव्य की बलिवेदी पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। इंदौर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हाल ही में उनकी रिपोर्ट निगेटिव भी आयी थी, लेकिन कल देर रात दो बजे उनके निधन का दुखद समाचार आया। 


मुख्यमंत्री शिवराज ने उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा प्रदेश देवेंद्र कुमार के परिजनों के साथ है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को राज्य शासन की ओर से सुरक्षा कवच के रूप में 50 लाख रुपए की राशि और उनकी पत्नी को विभाग में उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति देने की घोषणा की है।

इंदौर में कोरोना वायरस से पुलिस अधिकारी समेत 2 लोगों की मौत के साथ वहां मृतकों की संख्या 49 पहुंची गई है। वहीं संपूर्ण राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1355 है।

Desk Team