आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 10,621 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा 3.93 लाख से अधिक पहुंच गया है। राज्य में 94,209 मरीजों का उपचार चल रहा है तथा 2.95 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से 3,633 मरीजों की मौत हुई है।
बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे तक के आंकड़ों के साथ सरकार द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे में संक्रमण से 92 और मरीजों की मौत हो गयी। विभिन्न अस्पतालों से 8,528 मरीजों को छुट्टी दे दी गयी। राज्य में अब तक 34.79 लाख जांच हो चुकी है । राज्य में संक्रमण दर 11.19 प्रतिशत है।
पूर्वी गोदावरी जिले और प्रकाशम जिले में संक्रमण के 1000 से अधिक मामले सामने आए। वहीं पिछले 24 घंटों में कूरनूल में 13, एसपीएस नेल्लोर में 11, पूर्वी गोदावरी में 10 और चित्तूर में नौ और मरीजों की मौत हो गई। बुलेटिन के मुताबिक कडपा और पश्चिमी गोदावरी जिले में सात-सात, अनंतपुरामु, प्रकाशम और विशाखापट्टनम में छह-छह, गुंटूर में पांच, श्रीकाकुलम और विजयनगरम में चार-चार मरीजों की मौत हुई।
बताते चले कि देशभर में कोरोना प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक संक्रमितों का आंकड़ा 33,10,234 तक पहुंच गया है और 60,472 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 25,23,771 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



