कोरोना वायरस का असर भारत पर भी देखने को मिल रहा है। कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए लोगों को समूह में इकट्ठा न होने के लिए भी सलाह दी जा रही है। इस बीच कोरोनावायरस को देखते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने रविवार (यानी कल) से बेंगलुरू में शुरू होने वाली तीन दिवसीय प्रतिनिधि सभा की बैठक रद्द कर दी है।
इस बात की जानकारी खुद सह सर कार्यवाह भैया जी जोशी ने दी। भैया जी जोशी के मुताबिक अभी देशभर में कोरोना का प्रकोप है। प्रशासनिक अनुरोध के अनुसार अभी सभी को इसकी रोकथाम में लगना है, लिहाजा प्रतिनिधि सभा की बैठक फिलहाल रद्द की जाती है।
कोरोना वायरस के चलते राजस्थान में स्कूल-कॉलेज, जिम और सिनेमा हॉल 30 मार्च तक बंद
आरएसएस और इसके आनुषंगिक संगठनों के 1,500 निर्वाचित प्रतिनिधियों के इस बैठक में भाग लेने की उम्मीद थी। माना जा रहा था कि आरएसएस बैठक के दौरान अपने 15 लाख स्वयंसेवकों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय करने के बारे में कोई फैसला करेगा। इस बैठक में संघ आगामी एक साल के कामकाज की रूपरेखा तय करती है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्य्क्ष जे पी नड्डा और संगठन महामंत्री बी एल संतोष को भी इस बैठक में शिरकत करना था। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से आह्वान किया है कि बीमारी की रोकथाम के लिए प्रशासन के साथ सहयोग करें और जागरूकता लाएं। गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की तीन दिवसीय वार्षिक बैठक रविवार को बेंगलुरू में तय थी। प्रतिनिधि सभा आरएसएस की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है।


Download Android App
Download iOS App



