रुद्रपुर : नगर निगम बोर्ड की बैठक में एनजीटी समिति का गठन किया गया। हालांकि बैठक में 40 में से सिर्फ 16 पार्षद ही पहुंचे, लेकिन आठ पार्षदों ने मोबाइल के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर बाद में हस्ताक्षर करने की सहमति दी। उधर, नगर निगम के पार्षदों ने समय से सूचना न मिलने के कारण बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया। दो दर्जन से अधिक पार्षदों ने सिटी क्लब में धरना देकर बोर्ड बैठक पर विरोध दर्ज कराया।
शुक्रवार को नगर निगम बोर्ड की औपचारिक बैठक बुलाई गई थी, लेकिन पार्षदों ने यह कह कर बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया कि उन्हें समय से सूचना नहीं दी गई। पार्षदों का कहना था कि कल रात व्हाट्सएप के जरिए बोर्ड बैठक की सूचना दी गई। जब उन्होंने विरोध दर्ज कराया तो रात में ही कुछ पार्षदों के घर बोर्ड बैठक का एजेंडा उपलब्ध कराया गया। बोर्ड बैठक का बहिष्कार करने वाले पार्षद सिटी क्लब में एकत्र हुए और उन्होंने वहां धरना देकर विरोध दर्ज कराया।
धरना देने वालों में सुशील मंडल, कैलाश राठौर, मोहन कुमार, राजेश कुमार, बविता बैरागी, इलमा समरीन, नाजिम अली, कमला देवी, मोहम्मद जाहिद, दिव्या अनेजा, शैलेंद्र रावत, सचिन मुंजाल, विद्वानराम, सीमा गुप्ता, सायराबानो, वीरेंद्र आर्य, सुरेश गौरी, सौरभ शर्मा, पुष्पा रानी, मोनू निषाद, अमित मिश्रा, रमेश कालरा, सुशील चौहान, प्रकाश सिंह धामी आदि शामिल थे। उन्होंने कहा कि नगर निगम बोर्ड की बैठक की सूचना एक सप्ताह पहले दी जानी चाहिए।
पार्षदों ने अपनी समस्याओं को लेकर जमकर गुबार निकाला। उधर, मेयर रामपाल सिंह ने बताया कि बोर्ड का कोरम पूरा हो गया था। 16 पार्षद बोर्ड की बैठक में उपस्थित हो गए और आठ पार्षदों ने मोबाइल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी। कहा कि वह आठ पार्षद भी बोर्ड बैठक के रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर देंगे। कहा कि कोरम पूरा होने पर एनजीटी की कमेटी का गठन कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



