पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में जारी लॉकडाउन की पाबंदियों को 30 अगस्त तक बढ़ा दिया है और रात के दौरान लागू प्रतिबंधों में ढील दी गई है। ममता बनर्जी ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। महामारी की दूसरी लहर के दौरान 16 मई को लागू प्रतिबंधों को नियमित अंतराल पर बढ़ाया जा रहा था।
इन प्रतिबंधों की समय सीमा 15 अगस्त को समाप्त हो रही थी। बनर्जी ने कहा कि बंगाल में कोविड की स्थिति बेहतर है लेकिन तीसरी लहर का खतरा अब भी है। इसी कारणवश हमने लोकल ट्रेनों के परिचालन को बहाल करने की अनुमति नहीं दी है। उन्होंने कहा, “हमने कोविड पाबंदियों को और 15 दिन तक के लिए 30 अगस्त तक बढ़ा दिया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि रात में लागू प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी। उन्होंने कहा, “हमने कुछ ढील देने का निर्णय लिया है- जैसे कि रात में पूर्ण लॉकडाउन की अवधि पहले रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक थी जिसे अब रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कर दिया गया है।” बनर्जी ने कहा कि राज्य को टीके की जरूरत के अनुरूप खुराक नहीं मिल रहीं। उन्होंने कहा, “अगर हमें टीके मिलते तो हम ग्रामीण आबादी को कम से कम एक खुराक दे पाते और फिर हम लोकल ट्रेन बहाल कर सकते थे।”
जेलों में भीड़भाड़ कम करने के लिए बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार 73 ऐसे कैदियों को रिहा करेगी जिन्हें आजीवन कारावास की सजा मिली है। उन्होंने कहा कि दो अगस्त को हमने उम्र कैद की सजा पाए 63 कैदियों को मानवीय आधार पर समय पूर्व रिहा करने की घोषणा की थी व आज हमने 73 और ऐसे कैदियों की रिहाई का फैसला किया है।


Download Android App
Download iOS App



