भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) की पुड्डुचेरी इकाई ने मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन पर बारहवीं कक्षा की परीक्षा रद्द करने के लिए दबाव बनाने का शनिवार को आग्रह किया। पार्टी सचिव एस बालासुब्रमण्यम ने यहां जारी बयान में मांग की कि मुख्यमंत्री को तत्काल रूप से विधानसभा का सत्र बुलाकर इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित करना चाहिए।
गौरतलब है कि पुड्डुचेरी के पास अपना अलग शिक्षा बोर्ड नहीं है और यह तमिलनाडु शिक्षा बोर्ड का अनुसरण करता है। बालासुब्रमण्यम ने कहा कि मुख्यमंत्री यह सुनिश्चित करें कि उच्च शिक्षा में छात्रों का दाखिला बारहवीं के अंकों के आधार पर हो।
उन्होंने केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से नीट और जेईई की परीक्षाएं तत्काल रद्द करने की मांग करते हुये कहा कि एक तरफ सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा रद्द करने की प्रधानमंत्री की घोषणा और दूसरी तरफ नीट और जेईई की परीक्षाएं लेना दोहरे रवैये को दर्शाता है।


Download Android App
Download iOS App



