छत्तीसगढ़ के नक्सलवाद प्रभावित धमतरी जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में बल का एक जवान शहीद हो गया जबकि एक अन्य घायल हो गया। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमतरी जिले के खल्लारी और बोराई थाना क्षेत्र के मध्य चमेदा गांव के जंगल में सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ की 211 वीं बटालियन के हवलदार हरिश चांद शहीद हो गये। जबकि आरक्षक सुधीर कुमार घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया की खल्लारी थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ के दल को इस महीने की तीन तारीख को गस्त के लिए रवाना किया गया था। आज जब जवान खल्लारी और बोराई थाना क्षेत्र के मध्य चमेदा गांव के जंगल में थे तब नक्सलियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए अतिरिक्त पुलिस दल रवाना किया गया है तथा घायल जवान और शव को जंगल से बाहर निकाला जा रहा है। धमतरी जिले से लगे कांकेर जिले में भी गुरुवार को नक्सलियों ने सीमा सुरक्षा बल के दल पर हमला कर दिया था इस हमले में चार जवान शहीद हो गए थे जबकि दो अन्य घायल हो गए थे।
राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा चुनाव बहिष्कार की घोषणा के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवान लगातार अभियान चला रहे हैं। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल और 23 अप्रैल को मतदान होगा। पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट के लिए, दूसरे चरण में कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीटों के लिए तथा तीसरे चरण में रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर चांपा, दुर्ग और सरगुजा लोकसभा सीटों के लिए मतदान होना है।


Download Android App
Download iOS App



