CV Ananda Bose Bomb Threat: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को गुरुवार यानी 8 जनवरी की रात को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली। इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, बीजेपी ने इसे लेकर ममता बनर्जी पर सवाल उठाए हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि ईमेल भेजने वाले ने राज्यपाल आनंद बोस को ‘बम से उड़ाने’ की धमकी दी है। राज्यपाल के स्पेशल ड्यूटी ऑफिसर ने बताया कि इस मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दे दी गई है और पुलिस के साथ-साथ CRPF की टीम उनकी सुरक्षा में तैनात है।
West Bengal Governor Threat: ईमेल भेजने वाले ने अपना मोबाइल नंबर भी बताया

लोकभवन के अधिकारी ने बताया कि ईमेल भेजने वाले ने अपना मोबाइल नंबर भी बताया है। उन्होंने बताया कि डीजीपी को इसकी जानकारी दे दी गई है और उनसे धमकी देने वाले व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की गई है। राज्यपाल आनंद बोस को जेड-प्लस की सुरक्षा मिली हुई है और अब उनकी सुरक्षा में केंद्रीय सुरक्षाबलों के 60-70 जवान और तैनात किए गए हैं।
धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद आधी रात को राजयपाल की सुरक्षा बलों की एक बैठक भी हुई थी। राज्यपाल सीवी आनंद बोस को धमकी मिलने के बाद हाई अलर्ट भी जारी किया गया है।
भाजपा का ममता बनर्जी पर हमला

राज्यपाल को मिली धमकी के बाद भाजपा के नेता अमित मालवीय ने कहा, ‘ममता बनर्जी के शासन में आपका स्वागत है, जहां राज्यपाल भी सुरक्षित नहीं हैं। पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ममता बनर्जी कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी एक निजी फर्म को बचाने के लिए ED से आपत्तिजनक फाइलें छीनने में व्यस्त हैं। मालवीय ने X पर अपनी पोस्ट में लिखा, ‘ममता बनर्जी एक सर्वथा आपदा हैं।’
Welcome to Mamata Banerjee’s regime, where even the Governor is not safe. Law and order has completely collapsed in West Bengal. The Home Minister, Mamata Banerjee, is busy snatching incriminating files from the ED in order to protect a private firm accused of coal smuggling and… https://t.co/qMkB0dEHI5
— Amit Malviya (@amitmalviya) January 8, 2026
पश्चिम बंगाल में ED की छापेमारी

यह धमकी ऐसे समय पर आई है, जब राज्य में राजनीतिक तापमान अपने चरम पर है। कोयला तस्करी मामले से जुड़े मामले में I-PAC के कार्यालय और प्रतीक जैन के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के छापे के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अधिकारियों से आमना-सामना हुआ था, जिसने सियासी हलकों में हलचल मचा दी।
मुख्यमंत्री बनर्जी ने ED पर पार्टी से जुड़े दस्तावेज़ और सामान जब्त करने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया और इसे विपक्ष को दबाने की कोशिश करार दिया।
वहीं, केंद्र में सत्तारूढ़ और पश्चिम बंगाल की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोयला तस्करी मामले में ED की जांच में जानबूझकर बाधा डाली। भाजपा का दावा है कि इस दौरान वह ऐसे अहम सबूत अपने साथ ले गईं, जो जांच एजेंसियों को सीधे सच्चाई की दहलीज तक पहुंचा सकते थे।























