चक्रवात ‘वायु’ मंगलवार सुबह कमजोर पड़ गया और यह गुजरात के कच्छ जिले को पार कर गया। इस कारण राज्य के कुछ इलाकों में बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इसके असर के चलते कच्छ, सौराष्ट्र और उत्तरी गुजरात क्षेत्र में बुधवार तक बारिश जारी रह सकती है।
विभाग के अहमदाबाद केंद्र की वैज्ञानिक मनोरमा मोहंती ने बताया कि सुबह के समय जब चक्रवात वायु कच्छ से गुजरा तो वह कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया। इस वजह से इलाके में बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि बंदरगाहों को दी गई चेतावनी का स्तर कम कर दिया गया है लेकिन मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे बुधवार सुबह तक समुद्र में न जाएं। कम दबाव का क्षेत्र और कमजोर हो रहा है।
मौसम विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि कम दबाव प्रणाली से पूर्वोत्तर अरब सागर और आसपास के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में 30-40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक मंगलवार शाम तक तेज हवाएं चलेंगी। इसमें कहा गया है कि पूर्वोत्तर अरब सागर और इसके साथ गुजरात अपतटीय क्षेत्र में भी मौसम खराब रहेगा।
राज्य के आपात प्रतिक्रिया केंद्र की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सौराष्ट्र, कच्छ और उत्तर गुजरात क्षेत्रों के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में, गिर-सोमनाथ जिले में तलाला और वेरावल तालुकों में क्रमशः 33 मिलीमीटर और 25 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि आणंद जिले में बोरसाद तालुक में 29 मिलीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा दाहोद, गांधीनगर, राजकोट, जामनगर, और साबरकांठा जिलों के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने कहा कि अहमदाबाद में गुरुवार तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।


Download Android App
Download iOS App



