तमिलनाडु में गिरफ्तार माओवादी से 2010 में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर हुए हमले के सिलसिले में पूछताछ की गई। इस हमले में 76 जवान शहीद हो गए थे। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम ने माओवादी दीपक से पूछताछ की जिसका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दीपक को तमिलनाडु के विशेष कार्यबल (एसआईटी) ने पिछले हफ्ते जंगल के बाहरी इलाके से घायल अवस्था में पकड़ा था। वह पिछले महीने केरल में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में बचकर निकल भागने में कामयाब हुआ था जबकि उसके चार माओवादी साथी मारे गए थे।
पुलिस के मुताबिक दीपक के पास से बंदूक, कारतूस, बैटरी, चार डेटोनेटर और कुछ विस्फोटक बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि रविवार को उपाधीक्षक मनोज के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम ने अस्पताल में दीपक से पूछताछ की और उम्मीद है कि वह दीपक को छत्तीसगढ़ ले जाने के लिए ट्रांजिट वारंट की मांग करेगी। गौरतलब है कि 2010 में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ी संख्या में माओवादियों ने घात लगाकर सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था जिसमें 76 जवान शहीद हो गए थे।


Download Android App
Download iOS App



