संजय राउत बोले- शरद पवार का कहा समझने के लिए 100 बार जन्म लेना होगा

Summary :

शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार क्या कहते हैं, इसे समझने के लिए 100 बार जन्म लेना पड़ेगा।

शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार क्या कहते हैं, इसे समझने के लिए 100 बार जन्म लेना पड़ेगा। शिवसेना सांसद सोमवार को उनके आवास पर हुई मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। 
इस दौरान एक पत्रकार ने उनसे शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा द्वारा महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर पवार के लगभग ‘यू-टर्न’ लेने पर सवाल पूछा, जिसके जवाब में उन्होंने यह प्रतिक्रिया दी। राउत ने कहा, “आपको पवार और हमारे गठबंधन को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। बहुत जल्द, दिसंबर की शुरुआत में, एक शिवसेना नीत गठबंधन सरकार महाराष्ट्र में सत्ता में होगी। यह एक स्थिर सरकार होगी।” 

संजय राउत का शायराना ट्वीट- ‘अगर जिंदगी में कुछ पाना हो तो तरीके बदलो इरादे नहीं’

उन्होंने कहा कि सरकार गठन को लेकर सेना को कोई संदेह नहीं है, लेकिन मीडिया इस पर संदेह पैदा कर रहा है। राउत ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के किसानों के मुद्दों पर राकांपा प्रमुख के साथ चर्चा की थी। राउत ने कहा, “क्या गलत है अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवार की तारीफ कर दी? इससे पहले मोदी ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि पवार उनके राजनीतिक गुरु हैं। इसलिए इसमें कोई राजनीति न देखें।”
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “वह सेना थी, जिसने महाराष्ट्र में भाजपा को खड़ा किया, उसे सीट दी और हमेशा अपने साथ रखा और अब भाजपा ने संसद में शिवसेना के सांसदों के सीटिंग अरेंजमेंट को बदल दिया है और उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।” 

Desk Team